Thursday 3 April 2014

काशी में केजरीवाल के खिलाफ चलेगा ‘पोल खोल अभियान’


बलिराम सिंह
आम आदमी पार्टी के बागी विधायक विनोद कुमार बिन्नी 11 अप्रैल से धर्म नगरी वाराणसी में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ‘पोल खोल अभियान’ चलाएंगे। फिलहाल बिन्नी पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के खिलाफ यह अभियान चला रहे हैं।
बागी विधायक विनोद कुमार बिन्नी का कहना है कि दिल्ली में लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद वह काशी जाएंगे और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ‘पोल खोल अभियान’ की शुरूआत करेंगे। बिन्नी का कहना है कि वह लोकसभा चुनाव तक वाराणसी में ही डेरा डालेंगे। इस दौरान वह वाराणसी की जनता की नब्ज टटोलेंगे और पूछेंगे कि क्या वह वाराणसी से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे। यदि जनता का समर्थन मिलेगा तो बिन्नी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
15 दिनों से चल रहा है पोल खो अभियान-
विनोद कुमार बिन्नी पिछले 15 दिनों से पूर्वी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के खिलाफ ‘पोल खोल अभियान’ चला रहे हैं। बिन्नी रोजाना दिन में दो स्थानों पर बैठक करते हैं और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की गलत नीतियों से आम जनता को अवगत कराते हैं। बिन्नी दलील देते हैं कि पार्टी अपने मूल मुद्दे से भटक गई है और पार्टी में महज कुछ लोगों की मनमानी चल रही है। गुरुवार को बिन्नी ने पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर और त्रिलोक पुरी क्षेत्र में ‘पोल खोल अभियान’ चलाया।

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home